एक दुकान से नमूना लेती खाद्य विभाग की टीम। संवाद
मैनपुरी। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटखोरी की रोकथाम के लिए जांच की। सहायक आयुक्त खाद्य श्वेता सैनी ने शहर की दुकानों पर निरीक्षण कराया।
बुधवार को खाद्य विभाग की गठित टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मैनपुरी एके पाठक के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम निरीक्षण के लिए निकली। टीम ने 15 अगस्त और रक्षाबंधन के त्योहार पर आम जनमानस को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने को मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध एक अभियान चलाया। इसके अंतर्गत अचलपुर औंछा स्थित बृजेश कुमार उर्फ विकास की डेरी से मिश्रित दूध का एक नमूना संग्रहित किया। दुग्ध विक्रेता सुमित कुमार और विनोद कुमार से दूध का एक नमूना संग्रहित किया। औछा चौराहा स्थित राकेश मिष्ठान भंडार से बूंदी लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया। दुकान में संग्रहित 5 किलोग्राम पुरानी खराब मिठाई कीमत 1000 रुपया को नष्ट कराया। न्यू कान्हा मिष्ठान भंडार से लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया यहां लगभग 15 किलोग्राम खराब चासनी नष्ट करवाई गई।
मैनपुरी ज्योंति तिराहा स्थित ज्योति स्वीट्स से मिल्क केक का एक नमूना, विद्या स्वीट से मावा का एक नमूना, सौम्या स्वीट्स से सोनपपड़ी का एक नमूना, संगम स्वीट कॉर्नर से बर्फी का एक नमूना संग्रहित किया। सभी दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। खाद्य पदार्थों को खुले रूप में काउंटर के ऊपर न रखने के सख्त निर्देश दिए गए। झंडाहार स्थिति विजय कुमार सिंह की तेल उत्पादन इकाई से सरसों के तेल का एक नमूना संग्रहित किया गया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेंद्र कुमार, इंद्रजीत सिंह, जयदीप मौर्य और प्रदीप कुमार शामिल रहे।