दीपावली आने को है, ऐसे में घर पर मिठाईयों की प्लानिंग भी चल रही है। त्यौहार पर डिमांड बढ़ने के कारण हलवाइयों ने भी पहले से स्टॉक करना शुरू कर दिया है। ऐसे में सावधान रहें क्योंकि आगरा में खाद्य विभाग ने छापेमारी कर करीब 100 किलो ऐसा खोआ पकड़ा है कि जिससे बनी मिठाई अगर खाई तो लेने के देने पड़ जाएंगे।
बता दें कि आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने गुरुवार को बालूगंज स्थित खोआ मंडी में छापा मारा। टीम को देखते ही यहां भगदड़ मच गई। कई दुकानदार खोआ की डलिया छोड़कर भागे।
टीम ने यहां से 22 सैंपल लिए और 100 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त खोआ नष्ट कराया। ऐसे ही बदबूदार खोआ की सप्लाई हलवाइयों को की जा रही है जिससे दिवाली के लिए मिठाई बन रही है। एफएसडीए की टीम अब मिठाइयों की दुकानों पर भी छापामारी करेगी।
सहायक आयुक्त खाद्य विनीत कुमार और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष मौर्य ने बताया कि 19 नमूने खोआ मंडी, बालूगंज से और तीन नमूने शमसाबाद रोड स्थित एकता चौकी के पास मंडी में खोआ ले रहे वाहनों को रोककर लिए गए। इसमें मिलावट की संभावना है। खोआ से वसा निकालने और रिफाइंड मिलाने की संभावना भी है। लैब में जांच के बाद वस्तुस्थिति सामने आएगी।
खोआ से आ रही थी बदबू
सैंपल
- फोटो : अमर उजाला
अधिकारियों ने बताया कि कुछ दुकानदार तो खोआ की डलिया छोड़कर भागे थे। जांच टीम के सदस्यों ने खोआ सूंघा तो उससे दुर्गंध आ रही थी। सहायक आयुक्त खाद्य विनीत कुमार ने बताया कि दिवाली को देखते हुए जांच टीमों का गठन किया गया है।
यह दूध से बने उत्पादों जैसे- खोआ, घी, मिठाइयों आदि के नमूने लेगी। नमूनों के परीक्षण के बाद गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मिलावटी मिठाई खाई तो होगा ये
चिकित्सकों के मुताबिक मिलावटी दूध, मिठाइयों के सेवन से अपाच्य, भूख कम लगने जैसी समस्याएं पैदा हो जाती हैं। लंबे समय इनके सेवन से किडनी, लिवर प्रभावित होने लगते हैं।
दूध से क्रीम (वसा) निकाले जाने से बच्चों, महिलाओं, शारीरिक परिश्रम करने वाले लोगों की डाइट प्रभावित होगी। रिफाइंड की मिलावट से डायबिटीज, मोटापा यहां तक कि हृदय रोग की समस्या पैदा होती है।