कासगंज में घने कोहरे के बीच से गुजरती ट्रेन
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिलेभर में रविवार को कोहरे का प्रभाव देखा गया। कोहरे के कारण विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की रफ्तार को ब्रेक लग गए। कोहरे ने लोगों के जनजीवन पर भी असर डाल दिया है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर कोहरे के कारण यात्रियों की संख्या भी कम दिखाई दी।
सुबह के समय बाजार देरी से खुले और बेरौनक रहे। सब्जी मंडी में भी सुबह पहुंचने वाले किसान विलंब से सब्जी लेकर पहुंचे। कोहरे के कारण पारा गिर गया और लोग ठंड से बचाव करते नजर आए। गली मोहल्लों में तमाम लोग अलाव के सहारे बैठे देखे गए।
बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बारिश व ओले गिरने से ठंड बढ़ गई। अब कोहरे से ठंड में और इजाफा हो गया है। कोहरे का पहला दिन रविवार था, इसलिए स्कूली बच्चों को कोहरे का सामना नहीं करना पड़ा। अभी और पारा गिरने का अनुमान लगाया जा रहा है। कड़ाके की ठंड ने वृद्धों और बीमारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
अभी तक नहीं जले अलाव
जिले की नगर पालिका नगर पंचायत में अभी तक सार्वजनिक स्थानों पर अलाव नहीं जलवाए हैं। विभिन्न चौराहों पर तमाम लोगों का जमावड़ा रहता, लेकिन अलाव न जलने के कारण ठिठुर रहे हैं।
ये ट्रेनें रहीं प्रभावित
मथुरा से चलकर सुबह 8:35 बजे कासगंज पहुंचने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 55354 तय समय से 45 मिनट देरी से 9:20 बजे कासगंज स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन संख्या 15037 कानपुर से चलकर शाम को 4:40 बजे कासगंज पहुंचने वाली ट्रेन अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 18 मिनट देरी से शाम 5:58 बजे पहुंची। गोरखपुर से चलकर अहमदाबाद को जाने वाली अहमदाबाद एक्सप्रेस शाम अपने निर्धारित समय 5 बजे के स्थान पर 1 घंटा 20 मिनट की देरी से शाम 6:20 बजे कासगंज जंक्शन स्टेशन पर पहुंची।
- कोहरे से ट्रेनों के समय में अधिक प्रभाव नहीं है। अक्सर कोहरे के मौसम में ट्रेने लेट लतीफ हो जाती हैं। कोहरे में रेलवे के लोको पायलटों को विशेष सतर्कता बरतने को अधिकारियों ने कहा।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ।