28एमएनपी-09-भोगांव रोड पर कोहरे के बीच गुजरते वाहन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। मौसम का मिजाज सोमवार को बदला नजर आया। सुबह से आसमान में छाई धुंध दिन में साफ नहीं हुई। धूप न निकलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को सर्दी और बढ़ सकती है।
जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर छह डिग्री सेल्सियस रह गया। सोमवार सुबह से ही आसमान में छाई धुंध ने वाहनों की रफ्तार थामी तो वहीं दिन में सूर्यदेव का भी रास्ता रोक दिया। दिन भर धुंध छाए रहने के कारण तेज धूप नहीं निकली।
इसके चलते दिन भी सर्दी का असर भरपूर रहा। सर्दी से राहत पाने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। शाम को भी लोग घरों की ओर जल्द से जल्द पहुंचने की कोशिश में रहे।
----
आज तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को सर्दी और भी अधिक बढ़ सकती है। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा जारी मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका जताई गई है।