आगरा। जिले में हॉकी को नई पहचान देने के लिए प्रस्तावित मास्टर्स हॉकी प्रीमियर लीग की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। आयोजक राजीव सोई की माता का निधन और एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के 1 अप्रैल से 20 अप्रैल तक सेना भर्ती के लिए बुक होने के कारण ऐसा किया गया है।
अब लीग के मुकाबले अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई माह में हो सकते हैं। खास बात यह है कि सभी मैच डे-नाइट प्रारूप में फ्लड लाइट की रोशनी में खेले जाएंगे। मास्टर्स हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं लीग के प्रमुख आयोजक राजीव सोई ने बताया कि लीग के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। करीब 100 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। खिलाड़ियों की नीलामी मार्च के मध्य में प्रस्तावित थी, जो अब नई तिथि पर होगी।
उन्होंने बताया कि यह लीग सेवन-ए-साइड प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों को दो आयु वर्गों अंडर-30 और 30 प्लस में बांटा गया है। प्रत्येक टीम में दोनों वर्ग से कम से कम तीन-तीन खिलाड़ियों को शामिल करना अनिवार्य होगा।