बाढ़ प्रभावित इलाकों की विद्युत आपूर्ति काटी
गंजडुंडवारा क्षेत्र में गंगा के तटवर्ती बाढ़ प्रभावित गांव बगवास, नवाबगंज नगरिया, नगला तरसी व आसपास के गांवों की विद्युत आपूर्ति को विद्युत निगम ने बंद कर दिया है। जिससे कहीं कोई हादसा न हो। बाढ़ की मुसीबत झेल रहे लोगों की विद्युत आपूर्ति बंद होने से परेशानियां और बढ़ गई हैं। लोग मोमबत्ती आदि का प्रयोग कर रहे हैं। विद्युत विभाग के अपर अभियंता अब्दुल्ला ने बताया कि हादसे की आशंका को देखते हुए आपूर्ति काटी गई है।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि नरौरा से एक लाख नौ हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज होने के कारण लो फ्लड के हालात बन गए हैं। बांधों की मरम्मत पूरी कर ली गई है। बरौना में पानी रोकने की कोशिशें की जा रहीं हैं। खेतों में पानी भर गया है। अगले चौबीस घंटे में पानी कम होने लगेगा जिससे राहत मिलेगी।