कासगंज। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली के मासिक एवं क्रमिक लक्ष्य शतप्रतिशत पूर्ण किया जाए। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। समस्त आरसी का तहसीलों से मिलान कर लिया जाए। एसडीएम व तहसीलदार प्रत्येक आरसी की समीक्षा करें। जनपद में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिये समस्त शराब की होलसेल की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।
डीएम ने कहा कि जनपद के समस्त ईंट भट्ठों की सूची बनाकर समस्त रिकार्ड तैयार कराएं। जिले में अवैध खनन न होने पाए। एसडीएम इस पर पूरा ध्यान देकर प्रभावी रोक लगाएं। परिवहन विभाग वसूली कराने के लिए अपनी आरसी तहसीलों को उपलब्ध कराए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि विद्युत वसूली के लिए 16 करोड़ 87 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नगर पालिका कासगंज, सोरों, गंजडुंडवारा की राजस्व वसूली कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्व वसूली के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी विभाग राजस्व वसूली बढ़ाकर शतप्रतिशत लक्ष्य पूरे करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी एके श्रीवास्तव, सीएमओ डा. अनिल कुमार, डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ एवं समस्त एसडीएम, तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।