आगरा से बेंगलुरु और नवी मुंबई जाने वाले हवाई यात्रियों को अब नए समय के अनुसार यात्रा की योजना बनानी होगी। 25 अक्तूबर से विंटर शेड्यूल लागू होने के साथ दोनों शहरों की उड़ानों के आगमन और प्रस्थान के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, ईदगाह-खेरिया आरओबी पर निर्माण कार्य के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।
सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि नए शेड्यूल के अनुसार बेंगलुरु की फ्लाइट दोपहर 1:45 बजे आगरा पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर 2:20 बजे आगरा से रवाना होगी। इसी तरह नवी मुंबई की फ्लाइट दोपहर 3:15 बजे आगरा पहुंचेगी और वापसी में 3:50 बजे रवाना होगी। यात्रियों को टिकट बुकिंग और यात्रा से पहले उड़ान का समय जरूर देख लेना चाहिए, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि ईदगाह-खेरिया रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर निर्माण कार्य के चलते रास्ते में जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्री यातायात की स्थिति को ध्यान में रखकर घर से निकलें। आरओबी बंद होने के कारण आवागमन के लिए बारह खंभा मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में सुझाया गया है। इस मार्ग पर भी जाम की आशंका को देखते हुए यात्रियों को निर्धारित समय से कम से कम 15 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है। इससे चेक-इन और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी करने में मदद मिलेगी और फ्लाइट छूटने की आशंका कम होगी।