आगरा। इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट शेड्यूल में चल रही उठापटक रविवार को थम गई। आगरा से उड़ान भरने वाली फ्लाइटों का संचालन पटरी पर लौट आया। रविवार को एक भी फ्लाइट निरस्त नहीं हुई। आगरा एयरपोर्ट से कुल 458 यात्रियों ने हवाई सफर किया।
रविवार को बंगलूरू-आगरा, आगरा बंगलूरू और अहमदाबाद-आगरा व आगरा-अहमदाबाद का समय से संचालन हुआ। इस दौरान कुल 207 यात्रियों ने बंगलूरू और अहमदाबाद से आगरा की यात्रा की। वहीं, आगरा से 251 यात्री बंगलूरू व अहमदाबाद के लिए रवाना हुए। देशभर में इंडिगो एयरलाइंस का संचालन प्रभावित होने का असर आगरा एयरपोर्ट पर भी पड़ा था। बृहस्पतिवार को यहां एक फ्लाइट निरस्त हो गई थी। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को फ्लाइटें कुछ देरी से जरूर संचालित हुईं लेकिन एक भी निरस्त नहीं हुई। रविवार को अहमदाबाद और बंगलूरू के लिए चलने वाली फ्लाइटों का आना-जाना शेड्यूल के अनुसार होने से एयरपोर्ट के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।