आगरा के एक युवक को गाजियाबाद में सस्ते फ्लैट का लालच देकर नोएडा के दो युवक और एक युवती ने ठग लिया। उससे चेक के जरिये कई बार में 11 लाख 18 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद भी न फ्लैट मिला और न ही रुपये वापस हुए। हरीपर्वत थाने में पीड़ित ने केस दर्ज कराया है।
मथुरा रोड हलवाई की बगीची निवासी शकील अहमद ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद आजाद चाैधरी (निवासी सी-45 द्वितीय तल सेक्टर-2 नोएडा) व वैभव जैन ( निवासी एससी-1, टेक जोन-4, ग्रेटर नोएडा वेस्ट) और स्वाति जैन वर्ष 2015 में घर पर आए। तीनों ने खुद को राइस प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड फर्म में भागीदार बताया।
तीनों ने कहा कि हमारी फर्म आर्गेनिक होम्स योजना के नाम से गाजियाबाद में अपार्टमेंट बना रही है, जिसमें बेहद सस्ते फ्लैट बने हैं। एक फ्लैट 28 लाख 94 हजार रुपये में आवंटन कर रही है। उन्हें तीनों ने आर्गेनिक होम्स अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या 1501 खरीदने के लिए राजी कर लिया। उन्होंने 1 जुलाई 2015 को चेक से एक लाख रुपये एडवांस लेकर फ्लैट आवंटन कर दिया। तय किया कि 2019 तक बैनामा कर कब्जा मिल जाएगा।
इसके बाद आरोपियों ने कई बार में 2018 तक कुल 11 लाख 18 हजार 626 रुपये ले लिए। भुगतान फर्म के खाते में कराए। बाकी के रुपये फ्लैट का बैनामा करते समय देने के लिए कहा। समय पूरा होने पर वह फ्लैट पर कब्जे और बैनामा करने की कई बार कहते रहे लेकिन आरोपी टालते रहे। मार्च 2025 में रुपये वापस करने से भी मना कर दिया गया।