फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में महिला की अंत्येष्टि में शामिल होने गए गांव के पांच युवक यमुना में नहाते समय डूबने लगे। युवकों को बचाने के लिए तैराक यमुना में कूद पड़े और चार युवकों को डूबने से बचा लिया, जबकि एक को नहीं बचा सके। सूचना पर सीओ अजय सिंह और प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। युवक की तलाश के लिए पीएसी और गोताखोरों को बुलाया गया। शुक्रवार को युवक का शव बरामद कर लिया गया।
मुबारकपुर निवासी भूदेवी (80) का गुरुवार सुबह निधन हो गया था। ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए यमुना किनारे गए थे। अंत्येष्टि के बाद कुछ ग्रामीण युवक यमुना में नहाने लगे। नहाते समय पांच युवक तेज बहाव की धार में आ गए और डूबने लगे। डूबते युवकों की चीख पुकार सुन अंत्येष्टि में शामिल अन्य ग्रामीणों में भी चीख पुकार मच गई।
तैराक ने ग्रामीण युवकों श्यामवीर, राममोहन, रामू राजू को बचाने के लिए यमुना में छलांग लगा दी। उसने श्यामवीर, राममोहन, रामू और राजू को तो बचा लिया, लेकिन अमन तेज बहाव में आने के कारण पानी के नीचे चला गया। अमन के यमुना में डूबने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया महिला की अंत्येष्टि में गए पांच युवक यमुना में डूबने लगे थे। इसमें से चार को बचा लिया है। एक युवक अमन (18) की तलाश जारी है। पीएसी गोताखोरों को बुलाया है। हादसे की जानकारी होते ही एसडीएम सिरसागंज, शिकोहाबाद तथा सीओ सिरसागंज मौके पर पहुंचे हैं।