कासगंज। घने कोहरे के चलते शुक्रवार को रेल यातायात प्रभावित रहा। कोहरे की वजह से टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस सहित पांच ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से जंक्शन पर पहुंचीं। ट्रेनों के विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घना कोहरा छाने से ट्रेनों की रफ्तार धीमी रखनी पड़ रही है। इससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को टनकपुर से अछनेरा की ओर जाने वाली स्पेशल ट्रेन सुबह 8.30 बजे के स्थान पर सुबह 9:36 बजे स्टेशन पर पहुंची। यह ट्रेन 1:06 विलंब से आई। इसके अलावा साबरमती थावे एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 3:20 बजे की जगह सुबह 3:40 बजे 20 मिनट देरी से पहुंची। बांद्रा-रामनगर एक्सप्रेस रात 1:06 बजे के स्थान रात में 2:14 बजे पहुंचीं। कोलकाता से आगरा छावनी जाने वाली ट्रेन दोपहर 12:10 बजे के स्थान पर 12:56 बजे पहुंची यह ट्रेन 46 मिनट लेट हुई। वहीं छपरा से मथुरा की ओर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन शाम 7 बजे की जगह रात 8:16 बजे पहुंचेगी। जंक्शन पर ट्रेनें लेट होने की सूचना मिलने पर यात्रियों को परेशानी हुई। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्री ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे नजर आए। कई यात्री ट्रेन संबंधी जानकारी के लिए पूछताछ काउंटर के चक्कर लगाते रहे। सहावर निवासी रामपाल ने बताया कि उन्हें टनकपुर-अछनेरा स्पेशल ट्रेन में सवार होकर मथुरा जाना था। इसके बाद उन्हें मथुरा से ट्रेन में सवार होकर फरीदाबाद पहुंचना था। ट्रेन के विलंब से पहुंचने से उन्हें परेशानी हुई।