एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में एक युवक को थाने से छोड़ने के एवज में 40 हजार रुपये लेना और निर्दोष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के मामले में गोवर्धन एसएचओ समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। एक सप्ताह में एसएसपी ने दूसरी सख्त कार्रवाई की है, जिससे पुलिस महकमे में खलबली है।
पीड़ित युवक ने की थी एसएसपी से शिकायत
8 मई को बीट दरोगा योगेश कुमार ने मयंक पुत्र प्रदीप निवासी कस्बा गोवर्धन को सट्टे के आरोप में हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर दिया। आरोप है कि रात में एक दलाल के माध्यम से पुलिस ने 40 हजार लेकर मयंक को पुलिस हिरासत से मुक्त कर दिया। इसकी शिकायत मयंक ने एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर से की। इसकी जांच एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र को सौंपी गई। जांच में शिकायत सही पाई गई।
रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने थाना गोवर्धन के एसएचओ जितेंद्र कुमार द्विवेदी, दरोगा योगेश कुमार, मुख्य आरक्षी पवन कुमार यादव, मनोहर सिंह और आरक्षी अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करके विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले थाना बरसाना के एसएचओ मुकेश मलिक को निलंबित किया गया था और सिपाही कुलदीप को लाइन हाजिर किया था।