फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा में कोरोना: चार महीने बाद मिले पांच नए मरीज, विदेश से लौटे चार लोग संक्रमित, दो बच्चे भी शामिल

Tue, 28 Dec 2021 10:01 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

आगरा में कोरोना फिर से लौटा आया है। पिछले 24 घंटे में 2954 सैंपल की जांच में पांच नए मरीज मिले हैं। इससे पूर्व इतने ही मरीज 31 अगस्त को मिले थे।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में चार महीने बाद सोमवार को 24 घंटे में पांच नए संक्रमित मिले हैं। जिनमें चार विदेश से लौटे हैं, जबकि एक स्थानीय व्यक्ति है। पांचों मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या अब पांच से बढ़कर 10 हो गई है। कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने पर ओमिक्रॉन के खतरे के बीच कोरोना की तीसरी लहर की आशंका है। 

विज्ञापन

दुबई से आए परिवार के तीन सदस्य संक्रमित हो गए हैं। जिनमें एक 37 साल की महिला व 11 साल और 3 साल की दो बच्चियां हैं। परिवार के पुरुष की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 12 दिसंबर को परिवार दुबई से जयपुर आया था। वहां जांच में रिपोर्ट निगेटिव थीं। 
18 दिसंबर को परिवार जयपुर से आगरा पहुंचा। दो बच्चियां, महिला और पुरुष चारों लोगों को कोरोना की दोनों वैक्सीन लग चुकी हैं। 22 दिसंबर को चारों ने दोबारा जांच कराई। 26 दिसंबर को महिला और दोनों बच्चियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

स्पेन से लौटा युवक भी संक्रमित
इनके अलावा 16 दिसंबर को स्पेन से लौटा 31 साल के युवक संक्रमित मिला है। युवक ने निजी लैब में जांच कराई थी। बुखार आने पर 22 वर्षीय स्थानीय युवक ने देहली गेट स्थित निजी लैब में जांच कराई। जहां उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। सीएमओ ने बताया कि पांचों लोगों के सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए भेजे जाएंगे। सभी लोगों में मामूली लक्षण हैं। 14 दिन के लिए होम आइसोलेशन में रखकर उपचार शुरू कर दिया है। कंट्रोल रूम से सुबह-शाम उनकी निगरानी की जा रही है। 

तीन साल की बच्ची हुई संक्रमित
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि दुबई से लौटे परिवार के सभी सदस्य कोरोनारोधी टीका लगवा चुके थे। जिनमें 11 व 3 साल की दोनों बच्चियां भी शामिल हैं। मां के साथ दोनों बच्चियां संक्रमित हो गई हैं। हालांकि इनका स्वास्थ्य ठीक है। घर पर ही बच्चों का इलाज शुरू हो गया है। संक्रमित मिले लोगों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग शुरू हो गई है।  

31 अगस्त को मिले थे पांच केस 
ताजनगरी में आखिरी बार 31 अगस्त को पांच मरीज मिले थे। जिसके चार महीने बाद सोमवार को फिर पांच मरीज मिले हैं। सोमवार को बीते 24 घंटे में 2954 लोगों की जांच की गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या जिले में अब दस हो गई है। कुल 21.67 लाख लोगों की जांच हो चुकी हैं। जिनमें कुल 25781 मरीज मिले थे जिनमें 25313 ठीक हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण से जिले में 458 मरीजों की मौत हो चुकी है।

विदेशियों की आठवें दिन जांच
77 देशों में ओमिक्रॉन संक्रमण फैल चुका है। राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के मरीज बढ़ रहे हैं। इधर, आगरा में रात्रि कर्फ्यू लागू हो चुका है। पर्यटन नगरी में विदेश से आने वाले यात्रियों की आठवें दिन जांच हो रही है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि एयरपोर्ट पर विदेशियों की जांच की जाती है। जिसके आठ दिन बाद दोबारा जांच का प्रावधान है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें