आगरा के बाह क्षेत्र के जरार में रक्षाबंधन के लिए घेवर बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लगने से पिता-पुत्र समेत पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
आगरा के बाह के जरार में रविवार रात 9:30 बजे हलवाई के घर पर घेवर बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई। लपटों के बीच घिरे पिता-पुत्र सहित पांच लोग झुलस गए। हादसे की सूचना पर पहुंची बाह पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया और झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत होने पर सभी को प्राथमिक उपचार के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया।
विज्ञापन
बाह के जरार जरार में मुकेश हलवाई के घर पर रक्षाबंधन के मद्देनजर घेवर तैयार करने का काम चल रहा था। रविवार रात 9:30 बजे घेवर सिकाई के समय गैस सिलिंडर में आग गई। लपटों के बीच कारीगर फंस गए। चीख पुकार के बीच जान बचा कर निकलते समय सभी झुलस गए। सूचना पर पहुंची बाह पुलिस ने पड़ोस के लोगों मदद से आग बुझाई।
हादसे में झुलसे जरार के मुकेश (55) पुत्र रामचरन, धीरज (30) पुत्र मुकेश कुमार, भूरा पुत्र इस्माइल, राजेश (45) पुत्र रूप सिंह, प्रमोद (50) पुत्र जनक सिंह को इलाज के लिए बाह सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को आगरा के लिए रेफर कर दिया। हादसे को लेकर बस्ती में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आग बुझने एवं बड़ा हादसा बच जाने पर सभी ने चैन की सांस ली।