आवास एवं विकास परिषद ने कमला नगर योजना क्षेत्र में बिना स्वीकृत नक्शे के बने पांच भवनों को नोटिस की अनदेखी करने पर सील कर दिया। अधिकारियों ने भवन स्वामियों से निर्माण संबंधी नोटिस को गंभीरता से लेने की अपील की है।
आगरा में आवास एवं विकास परिषद ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुधवार को कमला नगर योजना क्षेत्र में बिना स्वीकृत नक्शे के बन रहे और नोटिस की अनदेखी करने वाले पांच अवैध भवनों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सील कर दिया है। मंगलवार को सुल्तानगंज पुलिया स्थित हेल्पिंग इंडिया ट्रॉमा सेंटर को सील किया था।
विज्ञापन
अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल ने बताया कि इस सीलिंग अभियान को नोटिस की अनदेखी करने पर अंजाम दिया गया। प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जीएम ख़ान ने बताया कि जिन संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें मनीष बंसल बी-507, सीता देवी बी-582, उमेश गोयल बी-608, पंकज जैन डी-82 और नीतू गुप्ता ई-725 के भवन शामिल हैं।
अधिशासी अभियंता डीबी यादव ने बताया कि इन सभी भवन स्वामियों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे। उनसे स्वीकृत मानचित्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और नियमानुसार शमन की कार्रवाई पूरी करने को कहा गया था। अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल ने भवन स्वामियों कहा कि यदि किसी को निर्माण संबंधी नोटिस मिलता है, तो उसे गंभीरता से लें और समय रहते कार्यालय में उपस्थित होकर औपचारिकताएं पूर्ण करें।