एसओएस टीम ने किया अजगर को रेस्क्यू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट ने ताजमहल के शौचालय में पांच फीट का अजगर पकड़ा है। इस शौचालय का उपयोग सीआईएसएफ के जवान करते हैं। यहां अजगर देख उन्होंने एएसआई के अधिकारियों को सूचना दी, जिस पर एसओएस की टीम मौके पर पहुंची।
ताजमहल के पूर्वी गेट के पास सीआईएसएफ सुरक्षाकर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक शौचालय के अंदर लगभग पांच फीट लंबा इंडियन रॉक पायथन' (अजगर) दिखा। अजगर को सबसे पहले सीआईएसएफ के जवानों ने देखा, जिन्होंने तुरंत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट माैके पर पहुंच गई। अजगर को रेस्क्यू किया। कुछ घंटों तक अजगर को निगरानी में रखने के बाद उसे अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के डायरेक्टर और हर्पेटोलॉजिस्ट (सरीसृप विशेषज्ञ) बैजू राज एमवी ने कहा कि इंडियन रॉक पायथन (अजगर) बिना जहर वाली सांप की प्रजाति हैं, जो पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। अपने बड़े आकार के बावजूद ये आम तौर पर शर्मीले होते हैं और इंसानों से दूर रहना ही पसंद करते हैं। अगर ये अनजाने में इंसानी इलाकों में आ जाएं, तो लोगों को घबराना नहीं चाहिए, उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और खुद उन्हें पकड़ने या उनके करीब जाने की कोशिश करने के बजाय, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचित करना चाहिए। लोगों और सांपों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय रहते सही कदम उठाना और बचाव के उचित तरीकों का इस्तेमाल करना बहुत ज़रूरी है।