फिरोजाबाद जिले के गांव मुहब्बतपुर में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान के शौचालय में पांच फीट लंबा मगरमच्छ देखा गया। इससे परिवार में दहशत फैल गई। लोग घर से बाहर निकल आए और वन विभाग को सूचना दी। वनकर्मियों ने वाइल्डलाइफ एसओएस टीम को बुला लिया। टीम ने मगरमच्छ को पिंजड़े में कैद किया। इसके बाद यमुना नदी में छोड़ दिया गया।
मोहम्मदपुर गांव में जिस मकान के शौचालय में मगरमच्छ घुसा, उसके पास ही तालाब है। बुधवार की रात किसी वक्त तालाब से निकलकर मगरमच्छ मकान के अंदर बने शौचालय में घुस गया। गुरुवार की सुबह परिवार के मुखिया ने शौचालय का दरवाजा खोला तो वहां मगरमच्छ देखकर उनके होश उड़ गए।
दहशत में आए परिवार के सभी लोग घर के बाहर आ गए। चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। परिवार के लोगों ने बताया कि शौचालय में मगरमच्छ है। डरे-सहमे परिवारजनों ने शौचालय का दरवाजा बंद कर दिया। वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग से वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम को जानकारी दी गई।