वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम ने पकड़ा सांप
- फोटो : Wildlife SOS
ताजमहल के पश्चिम गेट पर सोमवार को लाल बिल्डिंग पुलिस चेक पोस्ट के कमरे में पांच फीट लंबा सांप घुस गया। जब पुलिसकर्मियों की उस पर नजर पड़ी तो वो सहम गए। सूचना पर पहुंची वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम ने सांप को पकड़ा। कुछ घंटों तक निगरानी में रखने के बाद उसे वापस जंगल छोड़ दिया गया।
कोरोना के कारण ताजमहल फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद है। सोमवार को पश्चिम द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लाल बिल्डिंग चेक पोस्ट में एक बड़े सांप को देखा। उन्होंने तुरंत हेल्पलाइन नंबर (+91 9917109666) पर वाइल्डलाइफ एसओएस को सूचना दी l
बचाव अभियान को अंजाम देने के लिए आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ दो सदस्यीय रेस्क्यू टीम स्थान पर पहुंची। यह सुनिश्चित करने के बाद कि वहां मौजूद पुलिसकर्मी सुरक्षित दूरी पर हैं, बचाव दल ने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ा, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।