मैनपुरी के बेवर क्षेत्र में मानसिक रूप से बीमार युवक के साथ पांच आरोपियों ने कुकर्म किया। परिजन पीड़ित को लेकर थाने पर पहुंचे। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बाजार जाते समय हुई घटना
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि शनिवार दोपहर उसका 22 वर्षीय भाई कस्बा स्थित बाजार जा रहा था। भाई मानसिक रूप से बीमार है। रास्ते में एक पुल के नीचे बैठे आरोपी ने भाई को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने चार अन्य साथियों को वहां पर बुलाया और उसके भाई को पकड़ कर पास ही एक बगिया में ले गए। वहां, सभी ने उसके भाई के साथ कुकर्म किया।
घर में डरा हुआ रह रहा था पीड़ित
इस घटना के बाद उसका भाई इतना भयभीत हो गया था कि उसने घर में किसी को कुछ भी नहीं बताया। वह घर में किसी से बात नहीं कर रहा था, बेहद डरा हुआ था। इसके बाद रविवार की रात उसने भाई की हालत देख जब उससे पूछा तो उसने सारी बात बताई। जिसके बाद वह पीड़ित के थाने लेकर पहुंचा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित का मेडिकल कराया है।
आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के बाद पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।