मथुरा। यमुना में फैली गंदगी के कारण मृत पड़ी मछली।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। पहली बारिश से उफने नालों को सीधे यमुना में खोल दिया गया है। इससे प्रदूषण बढ़ गया और मछलियां मर गईं। घाटों पर कई दूसरे जलीय जीव भी मृत अवस्था में देखे गए हैं। घाटों पर गंदगी भी बढ़ गई है। इस पर यमुना भक्तों ने नाराजगी जताई है। प्रशासन को भी जानकारी दे दी गई। प्रदूषण अधिकारी स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
यमुना को साफ स्वच्छ करने के दावों की फिर से पोल खुल गई है। पहली बारिश में उफने 26 नालों का पानी सीधे यमुना में पहुंचा तो प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। प्रदूषण से पानी में आक्सीजन की मात्रा घट जाने से मछलियों समेत तमाम जलीय जीव मर गए।
शनिवार को मथुरा में विश्राम घाट, स्वामी घाट, बंगाली घाट पर मछलियां मरीं हुईं देखी गईं। इससे हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे यमुना भक्तों द्वारा इसकी सूचना प्रशासनिक तथा जल निगम के अधिकारियों को दी गई। अफसरों ने सीवेज पंपिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया।
यमुना कार्य योजना के नोडल अधिकारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में प्रदूषण अधिकारी को निर्देश दिए हैं। वह मौके पर पहुंचकर जानकारी देंगे। परियोजना प्रबंधक महाराज सिंह ने बताया कि बारिश का पानी अधिक होने के कारण यमुना में ही जाता है लेकिन मछलियां मरने का कारण केमिकल युक्त पानी हो सकता है।