आगरा का एसएन मेडिकल कालेज अब हाईटेक होने जा रहा है। अब यहां उपकरण की वैज्ञानिक ढंग से सफाई होगी। इसके लिए एसएन में सेंट्रल स्ट्रलाइजेशन यूनिट (कीटाणु शोधन) खुलने जा रही है। अभी तक किसी भी राजकीय मेडिकल कालेज में यह सुविधा नहीं है। इसे सर्जरी विभाग की नई इमारत के ग्राउंड फ्लोर में स्थापित किया जाएगा।
उपकरण समेत अन्य मशीनों के सेटअप का टेंडर कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को दिया गया है। बजट करीब पांच करोड़ रुपये का है। इससे मशीनों की खरीद के साथ आवश्यक सेटअप तैयार किया जाएगा। प्राचार्य डा. सरोज सिंह ने बताया मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया के मानकों में ये यूनिट थी, शासन से बजट मंजूर हो गया है। जल्द कालेज के पास आधुनिक स्ट्रलाइजेशन यूनिट होगी।
विज्ञापन
वहीं एसएन में संक्रमण रोकने के लिए माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। क्लीनिक की साफ सफाई पर ज्यादा ज़ोर दिया जाएगा। संगोष्ठी कर डाक्टर, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड ब्वाय से लेकर सफाई कर्मचारियों को मरीज और उसके सामान को छूने के बाद अन्य मरीज के संपर्क में आने से पहले हाथ धोने को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए विभागाध्यक्ष भी मानीटरिंग करते हैं।
संक्रमण का नहीं रहेगा खतरा
यूनिट खुलने से आपरेशन थिएटर के उपकरण, चादर, पर्दे, तकिया, आपरेशन पोशाक की सफाई वैज्ञानिक ढंग से होगी। इसकी सफाई के बाद ये संक्रमण मुक्त होंगे। पैथोलॉजी विभाग, स्त्री रोग विभाग, सर्जरी रोग विभाग, हड्डी रोग विभाग समेत सभी विभागों में तय समय में सफाई होगी।
अभी तक हर विभाग में पुराने उपकरणों से ही ये कार्य हो रहा था। कभी-कभार उपकरण खराब होने पर अन्य विभाग की मदद लेनी होती थी। माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डा. अंकुर गोयल बताते हैं कि अस्पताल के संक्रमण से मरीज-तीमारदार भी अन्य बीमारी की चपेट में आ जाते हैं। वैज्ञानिक ढंग से उपकरण एवं अन्य सामान की सफाई होगी, तो इससे मरीज को संक्रमण होने का खतरा नहीं रहेगा।