लूट के खुलासे की जानकारी देते एसएसपी फिरोजाबाद
- फोटो : अमर उजाला
एसओजी टीम और थाना खैरगढ़ पुलिस ने अंर्तजनपदीय लुटेरे गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार तमंचा, आठ कारतूस, दो बाइक बरामद की है। वहीं विगत दो मार्च को किसान से लूटी गई 90 हजार की रुपये की रकम भी बरामद की है। गिरोह हाथरस में पेट्रोल पंप और अलीगढ़ में एटीएम सेंटर को लूटने की तैयारी कर रहा था। टीम को एसएसपी ने 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि थाना खैरगढ़ क्षेत्र के बरौली निवासी किसान रामप्रकाश से दो मार्च को बाइक सवारों ने डेढ़ लाख रुपये लूटे थे। लूट की घटना के खुलासे के लिए एसपी देहात अखिलेश नारायन सिंह, सीओ शिकोहाबाद बल्देव सिंह खनेड़ा के निर्देशन में थानाध्यक्ष खैरगढ़ नरेंद्र शर्मा, एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह जुटे थे। 13 मार्च की रात साढ़े 11 बजे सूचना मिली कि एसजीएम तिराहे पर लूटपाट करने वाले गिरोह कहीं वारदात को अंजाम देने जा रहा है।
एसओजी एवं थानाध्यक्ष खैरगढ़ टीम ने एसजीएम तिराहे पर बदमाशों की घेराबंदी की। बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों से तलाशी ली तो उनके कब्जे से किसान से लूट की 90 हजार रुपये की रकम, मोबाइल फोन, दो बाइक, चार तमंचा, सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।