बिछवां (मैनपुरी)। गांव जगतपुर में जेब खर्चे के लिए पिता ने पुत्र को पैसे नहीं दिए तो उसने बाप को ही गोली
मार दी। गोली लगने से पिता बुरी तरह से घायल है। जबकि आरोपी बेटा फरार हो गया है। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने गोली लगने से घायल हुए शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी।
गांव जगतपुर निवासी रनवीर उर्फ मुन्ना स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वह शिकोहाबाद में रह रहे हैं। शनिवार को जब वह गांव स्थित घर आए तो वहां मौजूद पुत्र देश दीपक ने उनसे रुपये मांगे। कहा कि दो माह से उसे खर्च के लिए कुछ भी नहीं दिया। रुपये का विवाद तूल पकड़ गया और देश दीपक ने तमंचा निकाल कर पिता पर गोली चला दी।
चेहरे के पास गोली लगने के बाद रनवीर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग जमा हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक आरोपी पुत्र वहां से भाग चुका था। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पहली पत्नी का बेटा है आरोपी
रनवीर सिंह पहली व उनकी पहली पत्नी से एक बेटा देश दीपक है। पत्नी की मौत के बाद कुछ समय पूर्व रनवीर ने दूसरी शादी कर ली। तभी से वह दूसरी पत्नी के साथ शिकोहाबाद में रह रहे हैं। जानकारी के अनुसार प्रतिमाह वह बेटे को खर्च के लिए 10 हजार रुपये देते थे लेकिन लोन के चलते बीते दो माह से वह खर्च नहीं दे सके। शनिवार को घर आने के बाद इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
वर्जन
घटना के संबंध में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सुनील कुमार भारद्वाज, थानाध्यक्ष
---
आशीष दीक्षित