भोगांव (मैनपुरी)। कोटा डीलर के चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश के तहत मंगलवार शाम दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया। गोली लगने से पति और मारपीट में पत्नी घायल हो गई। सिपाही की हालत गंभीर होने पर उसे सैफई रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव गैंती निवासी राधाकृष्ण (50) फर्रुखाबाद जनपद के थाना राजेपुर में सिपाही के पद पर तैनात हैं। उनकी गांव के ही कुछ लोगों से कोटा डीलर के चुनाव को रंजिश चल रही है। मंगलवार की शाम राधाकृष्ण का पुरानी रंजिश को लेकर नामजद लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि एकराय होकर आरोपियों ने राधाकृष्ण पर जानलेवा हमला कर दिया। इस बीच आरोपियों ने गोली मार दी, जो राधाकृष्ण के पेट में लगी। बचाने आई राधाकृष्ण की पत्नी अनीता देवी भी मारपीट में घायल हो गईं।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले। गंभीर रूप से घायल सिपाही को जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष पहुप सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।