आगरा में दो कारों में सवार होकर आए चार लोगों ने मंगलवार दोपहर जिला अस्पताल में ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इन लोगों ने जमीन के विवाद में दूसरे पक्ष पर हमला किया था।
गोली लगने से युवक अजय (24) घायल हो गया। इस मामले में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राकेश चाहर समेत चार लोगों को नामजद कराया गया है। इनमें से एक आरोपी प्रदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जमीन का यह झगड़ा अकोला का है। एक बिस्सा जमीन पर दीपक और कृपाल दावा कर रहे हैं। जमीन दीपक के घर के सामने है। इसी विवाद में मंगलवार सुबह दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
माैके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने कृपाल, उसके परिवार के अमित, दूसरे पक्ष के दीपक और मनोज को शांतिभंग की धारा 151 में गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मनोज शिक्षक है।
ये लोग अस्पताल पहुंचे ही थे कि दो कारों से चार लोग पहुंच गए। इन्होंने आते ही फायरिंग शुरू कर दी। वहां अफरा तफरी मच गई। एक गोली मनोज चाहर के भाई अजय चाहर के गर्दन में लगी।
उसे गंभीर हालत में देहली गेट स्थित निजी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। डाक्टरों का कहना है कि उसकी हालत बेहद नाजुक है उधर हमलावर एक गाड़ी छोड़ दूसरी से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस ने बताया कि फायरिंग के मामले में थाना रकाबगंज में राकेश चाहर और प्रदीप समेत चार के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा 307 में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। फायरिंग के वक्त अस्पताल में पुलिस मौजूद थी। मेडिकल परीक्षण के लिए आरोपियों के साथ भी पुलिसकर्मी भेजे गए थे।
इसके बावजूद पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। उधर, रकाबगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दीपक चाहर के घर के सामने एक बिस्सा जमीन है। दीपक का कहना है कि यह उसकी है। कृपाल का कहना है कि दीपक के चाचा ने यह जमीन उसके नाम कर दी। इसी कारण कब्जे को लेकर विवाद है।