सोरों के नगला खुर्द में विवाद के बाद तैनात पुलिस।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सोरों थाना क्षेत्र के नगला खुर्द में बृहस्पतिवार को जमीन से जुड़े विवाद ने संघर्ष का रूप ले लिया। इस विवाद में आरोपियों ने जमकर फायरिंग की और बुर्जी-बिटोरों को आग के हवाले कर दिया। यह विवाद खेत की जबरन जुताई करने के बाद पनपा। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। दस नामजद किए हैं और एक अज्ञात है। तीन नामजदों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गांव में पुलिस तैनात है।
यह विवाद उस समय पनपा जब लाखन सिंह मौर्य के खेत पर ज्ञान सिंह व उनके साथियों ने प्रशासन के यथा स्थिति बनाए रखने के निर्देशों के बावजूद जबरन जुताई करके कब्जा करने की कोशिश की। आरोपी पंकज ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने लगे। खेत की जुताई का जब विरोध किया तो दबंगों ने मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी और एक युवक छोटे लाल को पकड़कर ले गए।
जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाजरा के खेत में से बरामद किया। इस मामले में लाखन सिंह ने ज्ञान सिंह और उसके भाई नवीन कुमार, कमल सिंह और पुत्र देवेंद्र एवं रामनरेश और पंकज, अनुपम, सूबेदार, जितेंद्र, सोनू को नामजद किया है जबकि एक आरोपी अज्ञात है। पुलिस ने सूबेदार, जितेंद्र एवं सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी फरार हैं। गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई है जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे, फिर से कोई विवाद पैदा न हो।
एसडीएम के निर्देशों को भी किया किनारे
जमीन के मामले में एसडीएम कासगंज ललित कुमार ने घटना के दिन ही दोनों पक्षों को भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए थे, लेकिन एक पक्ष ने इन निर्देशों को नहीं माना और जबरन भूमि की जुताई कर दी। जिससे बड़ा विवाद पनप गया। एसडीएम न्यायालय में बंटवारे का वाद विचाराधीन है।
नगला खुर्द के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तीन नामजद आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। गांव में सतर्कता के लिए पुलिस की टीम तैनात है। अन्य आरोपी फरार हैं। - रविंद्र बहादुर, कोतवाली प्रभारी।