मैनपुरी। दिवाली के त्योहार को जिला मजिस्ट्रेट अंजनी कुमार सिंह ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि पटाखा विक्रेता सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने पटाखों की दुकानें आबादी से दूर खुले स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि दिवाली पर पटाखा विक्रेताओं द्वारा अस्थायी रूप से दुकानें लगाई जाती हैं। शासन स्तर से समय-समय पर प्राप्त निर्देशों के क्रम में पटाखे की दुकानें आबादी क्षेत्र से दूर खुले स्थान में अग्निश्मन व्यवस्था के साथ लगाई जाएं जिससे कोई अप्रिय घटना घटित न हो। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में पटाखों की दुकानें आबादी क्षेत्र से दूर खुले स्थान पर अग्निशमन व्यवस्था के साथ लगवाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही और शिथिलिता न बरती जाए।