कुरावली (मैनपुरी)। मोहल्ला घरनाजपुर में बृहस्पतिवार को एक निर्माणाधीन मकान में अचानक घरेलू गैस सिलिंडर में आग लग गई। जिसकी चपेट में आकर महिला सहित चार लोग घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से दो गंभीर लोगों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला घरनाजपुर निवासी हजरत के पुत्र इसरार को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवास मिला हुआ है। बृहस्पतिवार की सुबह वह आवास का निर्माण कार्य करा रहा था। उसकी पत्नी मुनीशा कमरे में काम कर रही थी। तभी अचानक कमरे में लगे गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई।
मजदूर रवि कठेरिया निवासी मोहल्ला कानूनगोयान, मिस्त्री गुलाब शेर निवासी मोहल्ला घरनाजपुर, मुनीशा व मुनीशा के पुत्र गुलफान ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान सभी चारों लोग झुलस गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल मुनीश व रवि कठेरिया को सैफई रेफर कर दिया गया।