घनी बस्ती में स्थित गोदाम में आधी रात को आग लगने से आसपास को लोगों के होश उड़ गए। आग की लपटें कहीं उनके घरों को भी चपेट में न ले लें, इस डर से बाल्टियां लेकर लोगों ने मोर्चा संभाल लिया और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
थाना जगदीशपुरा के हनुमान नगर में शनिवार रात 11:30 बजे एक गोदाम में आग लग गई। लपटें निकलने पर कॉलोनी के लोग घरों से निकल आए। दो दमकलों से आधा घंटे में आग पर काबू कर लिया।
विज्ञापन
हनुमान नगर में रीना चंद्रा का गोदाम है। बताया गया है कि गोदाम में एक ई-रिक्शा और एक लोडिंग टेंपो खड़ा था। कुछ सामान भी रखा हुआ था। रात तकरीबन 11:30 बजे लोगों ने लपटें निकलती देखी। गोदाम के बराबर में ही घर बने हुए थे। लोग निकल आए। उन्होंने पहले बाल्टियों से पानी डाला। बाद में सबमर्सिबल पंप चलाया। आग से वाहन और अन्य सामान जलने लगा। कुछ ही देर में आग पूरे गोदाम में फैल गई।
सूचना मिलने के दस मिनट बाद दमकल पहुंची। आधा घंटे में आग बुझ सकी। लीडिंग फायरमैन राकेश कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण पता किया जा रहा है।