मैनपुरी के मोहल्ला गड्ढा में लगे ट्रांसफार्मर में ओवरलोड के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर, तीन झोपड़ी और एक दुकान को चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने दमकल को सूचना दी, लेकिन वह डेढ़ घटा देरी से पहुंची। इस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे मोहल्ले में प्रवेश नहीं करने दिया और लौटा दिया। इस बीच वहां पहुंची पुलिस से भी ग्रामीणों की धक्का-मुक्की हुई।
अफरा-तफरी के बीच ग्रामीणों ने खुद ही आग पर काबू किया, लेकिन तब तक लाखों का नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों में जबदस्त आक्रोश देखा गया। थाना क्षेत्र के मोहल्ला गड्ढा में एक ट्रांसफार्मर रखा हुआ है।
गुरुवार की सुबह करीब सात बजे ओवरलोड के चलते उसमें आग लग गई। अचानक ट्रांसफार्मर में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया।इससे आसपास के घरों में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
अाग बुझाते लाेग
- फोटो : अमर उजाला
कुछ लोगों ने बिजली विभाग को आग लगने की सूचना दी। आरोप है कि कर्मियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते आग बेकाबू हो गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के कई घरों को चपेट में ले लिया।
करीब डेढ़ घंटा तक दमकल नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल आदि चलाकर आग पर काबू कर लिया। इसी बीच आग में कई घरों में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो चुका था।
वहीं जिस पोल पर ट्रांसफार्मर रखा था वह भी भीषण आग में टूटकर एक मकान पर गिर गया। आग में हुए नुकसान से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
आग बुझने के बाद जब दमकल और बिजली विभाग के कर्मचारी वहां पहुंचे तो ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। किसी को भी मोहल्ले में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
ग्रामीणों का आक्रोश देख दमकलकर्मी व विद्युत विभाग के लोग वहां से लौट गए। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस से भी ग्रामीणों की नोकझोंक व धक्कामुक्की हुई।
ग्रामीणों का कहना था कि आग अगर रात के समय लगी होती तो भीषण हादसा हो सकता था। ग्रामीणों का कहना था कि अब ट्रांसफार्मर मोहल्ले में नहीं रखा जाएगा। सूचना मिलने के बाद पहुंचे सीओ भोगांव प्रयांक जैन ने जानकारी ली।