ग्राम बहोरा में बृहस्पतिवार की सुबह तीन झोंपड़ियों में आग लग गई। इससे घरेलू सामान, नकदी आदि जल गया। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग को बुझाया। राजस्व कर्मियों ने क्षति का आंकलन किया है। वहीं भैंस को बचाने के प्रयास में एक ग्रामीण झुलस गया।
ग्राम बहोरा निवासी रघुवीर सिंह की झोंपड़ी में आग लग गई। लोग आग बुझा ही रहे थे कि पड़ोस के राकेश कुमार एवं राजेश सिंह की झोंपड़ी भी आग की चपेट में आ गईं। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया। इससे रघुवीर सिंह की झोंपड़ी में रखे 40 हजार रुपये, सोने के कुंडल, अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी की तोड़िया, टीवी, इन्वर्टर, बिस्तर, गल्ला, बर्तन, कृषि यंत्र जल गए। वहीं भैंस को बचाने के चक्कर में रघुवीर भी झुलस गए। इसके अलावा राकेश की झोंपड़ी में रखे 25 हजार रुपये, मोटरसाइकिल, सोने के कुंडल, चांदी की तोड़िया, बख्शे, बिस्तर, कपड़े, गल्ला आदि समान जल गया। राजेश सिंह की झोपड़ी में रखें 15 हजार रुपये, कपड़े, विस्तर, गल्ला, साइकिल, बर्तन, विस्तर सहित अन्य सामान जल गया।
समाजसेवी विजय कुमार ने अग्नि कांड की सूचना उपजिलाधिकारी रविंद्र कुमार को दी। उपजिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपाल रूपकिशोर यादव को मौके पर भेजकर क्षति का आंकलन कराया। उपजिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि अग्नि पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी।