टूंडला। थाना नगला सिंघी क्षेत्र में हाईटेंशन तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी से कई जगहों पर आग लग गई। अग्निकांड में एक बच्चा झुलस गया तो मुर्गी के चूजे भी आग से जल गए। वहीं एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों की खेतों में खड़ी फसलें, अनाज और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
ठार छिद्दा निवासी बहादुर सिंह की खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। बृहस्पतिवार को हाईटेेंशन लाइन के तारों के टकराने से निकली चिंगारी से बहादुर सिंह के खेत में रखी बुर्जी में आग लग गई। इसके साथ ही हाईटेंशन लाइन के नीचे के कई घरों और खेतों में भी आग गई। धुआं उठता देख ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन कुछ ही देर में आग ने गढ़ी थानी निवासी विनोद कुमार, रामबाबू और मदन लाल के खेतों में खड़ी फसल को भी चपेट में ले लिया।
कुछ ही देर में आग खेतों के निकट स्थित मुर्गी फार्म पर पहुंच गई। इससे तीन दर्जन मुर्गी के चूजे मर गए। आग से विनोद कुमार की दो बीघा, रामबाबू की चार और मदन की तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
वहीं मौके पर खेल रहा बालक कौशल के पैर भी झुलस गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इधर, गांव ऐलई निवासी केहरी सिंह के पशुओं के बाड़े में भी अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे काफी नुकसान हुआ। पीड़ितों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
इन ग्रामीणों का ये हुआ नुकसान
टूंडला। ठार छिददा निवासी बहादुर सिंह के घर में और अंदर रखा घरेलू सामान, मदन सिंह की बुर्जी, सरसों और गेहूं की फसल, रविंद्र सिंह की दुकान का सामान, रामबाबू के घर का सामान, कमल किशोर का गेट, सामान, मुन्नी देवी की झोंपड़ी, राजन सिंह का बेड, रसोई का सामान, राजवीर की चारपाई, कपड़ा, विनोद के कपड़े, बुर्जी, गेहूं, रविशंकर के कपड़े और खाने का सामान, सीम देवी का रसोई का सामान, विजय, रामनरेश, शेरसिंह, बंटी और हेमंत का सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।