कानपुर-टूंडला रेलखंड पर सोमवार रात को बड़ा ट्रेन हादसा होने बच गया। कानपुर रेलखंड पर कैफियत एक्सप्रेस बर्निंग ट्रेन बनने से बच गई। नई दिल्ली जा रही कैफियत एक्सप्रेस के एक कोच के निचले हिस्से में ब्रेक बाइंडिंग जाम होने से आग लग गई। घटना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों की टीम ने आग पर काबू पाते हुए ब्रेक बाइंडिंग को ठीक कर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया।
आजमगढ़ से नई दिल्ली जा रही 02225 कैफियत एक्सप्रेस में उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया जब वह सोमवार मध्यरात्रि 1:20 बजे करीब रूरा और मैथा रेलवे स्टेशन के मध्य से होकर गुजरी। तभी अचानक ट्रेन की ब्रेक बाइंडिंग जाम हो गई।
ब्रेक बाइंडिंग जाम होने से ट्रेन के एस-5 कोच के निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। ट्रेन के निचले हिस्से से उठ रहे धुआं और आग को देख पेट्रोलिंग कर रहे एक रेलकर्मी ने जानकारी टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी। कोच के नीचे आग की जानकारी से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।