कासगंज। क्षेत्र के सोरोंजी रोड पर खाली पड़े प्लाट में कूड़े के ढेर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे कूड़ा करकट और कबाड़ धू-धू कर जलने लगा। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
एलआईसी कार्यालय के समीप नीलम हॉस्पिटल के सामने एक खाली प्लाट है। जिसमें काफी समय से कूड़ करकट जमा था। इसमें झाडियां भी उग आई है। कूड़े के ढेर में अचानक से आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया, तेज लपटें उठने लगी। झांड़ियों व पेड़ों में भी आग पकड़ ली। घनी बस्ती होने के कारण जब लोगों की नजर आग की लपटों पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। लोग स्वयं आग बुझाने को दौड़ पड़े ।
कुछ लोगों ने दमकल केंद्र और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, तब लोगों ने राहत की सांस ली। कासगंज सीएफओ आरके तिवारी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। आग पर नियंत्रण कर लिया गया। कोई भी हानि नहीं हुई है।