फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra: 'नीचे दुकान में लगी आग, ऊपर फंसा परिवार', दीपक, पटाखे और शॉर्ट सर्किट से 15 जगह अग्निकांड

Mon, 13 Nov 2023 08:15 PM IST
भूपेन्द्र सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

फतेहाबाद में ही तहसील रोड पर हरीशंकर की परचून की दुकान में आग लगी। रात तकरीबन 12 बजे लपटें देखकर पिकेट पर तैनात होमगार्ड ने दमकल बुलाई। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए।
विज्ञापन
आग (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ताजनगरी आगरा के आवास विकास कॉलोनी स्थित डेली नीड्स की दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर रहने वाला व्यापारी का परिवार आग में फंस गया। दमघोंटू धुएं के बीच से दुकान के बगल में बनी सीढि़यों से उन्हें निकाला गया। शहर में दीपक, पटाखे और शॉर्टसर्किट से 15 जगह अग्निकांड हुए। देहात में भी चार जगह आग लगी।

 

आवास विकास काॅलोनी के सेक्टर-12 में मनीष गुप्ता की डेली नीड्स की दुकान है। मनीष ने पुलिस को बताया कि तीन मंजिला भवन में भूतल पर दुकान है, जबकि प्रथम तल पर परिवार रहता है। वह पिता और छोटे भाई के परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार तड़के टहलने निकले एक व्यक्ति ने दुकान से धुआं निकलता देखा। इसकी जानकारी उनको फोन करके दी। नीचे दुकान में आग लगने से ऊपर भी धुआं आने लगा। किसी तरह वह दुकान के बगल से बनी सीढि़यों से परिवार सहित बाहर आ गए। इसके बाद आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी।

विज्ञापन


सूचना पर सिकंदरा पुलिस और दो दमकल भी पहुंच गई। 3 घंटे की कवायद के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि आग को आसपास की दुकानों में फैलने से पहले रोक लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि शाॅर्ट-सर्किट या दीपक से आग लगने की आशंका है। दुकान देर तक खुली थी। इसके बाद मालिक सोने गए थे। जांच की जा रही है।

 

मॉडल शॉप और परचून की दुकान जल गई

शमसाबाद के गांधी चौराहे पर स्थित शिवा मॉडल शॉप में रविवार रात 10:30 बजे आग लग गई। लपटें देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। दमकलों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। कर्मचारी हेमेंद्र ने बताया कि सेल्समैन मुकेश और थान सिंह दुकान बंद करके गए थे। शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखा लाखों का माल जल गया। वहीं फतेहाबाद में ही तहसील रोड पर हरीशंकर की परचून की दुकान में आग लगी। रात तकरीबन 12 बजे लपटें देखकर पिकेट पर तैनात होमगार्ड ने दमकल बुलाई। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए।

जल गए दो जूता कारखाने

वजीरपुरा निवासी मनीष के मकान में ही जूता कारखाना और गोदाम है। पुलिस ने बताया कि मनीष ने शाम को पूजा की। इसमें दीपक भी जला हुआ था। बताया गया है कि रात 8:30 बजे जलते हुए दीपक से गोदाम में रखी कतरन ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में लपटें निकलने लगीं। इससे अफरातफरी मच गई। लोगों ने आग पर काबू करने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। दमकल ने एक घंटे में आग पर काबू पाया। आग से जूता सहित सामान जल गया। वहीं रात 11 बजे नॉर्थ ईदगाह कालोनी में भी जूता कारखाने में आग लग गई। सूचना पर दमकल पहुंची। 15 मिनट में ही आग पर काबू कर लिया गया।

दिवाली पर अग्निकांड-

  • रविवार सुबह 11 बजे सिकंदरा में एक जूता फैक्टरी के बाहर कूड़े के ढेर में आग लग गई। जलता हुआ पटाखा गिरने की वजह से हादसा हुआ।
  • शाम 5:15 बजे इरादत नगर के नगला पाटम में खेत में रखे चारे में आग लग गई। आग बुझाने के लिए खेरागढ़ से दमकल पहुंचीं।
  • शाम 7:15 बजे एत्मादपुर स्थित छलेसर में घर में रखे सिलिंडर में आग लग गई। समय रहते आग पर काबू कर लिया गया।
  • रात 9:00 बजे ताज व्यू तिराहे के पास फतेहाबाद मार्ग पर मेट्रो स्टेशन की केबल में आग लगी। इससे वाहन भी रुक गए। सूचना पर पुलिस और दमकल ने आग बुझाई।
  • रात 9:00 बजे किरावली में रूई की दुकान में आग लग गई। दमकल ने बुझाई।
  • रात 9:15 बजे सदर क्षेत्र में ही एक चलती गाड़ी में आग लगी। चालक ने कूदकर खुद को बचाया। दमकल ने आग बुझाई।
  • रात 9:30 बजे बाह में भारतीय स्टेट बैंक वाली गली मेंं कूड़े के ढेर में पटाखों से आग लग गई। लोगों ने दमकल को सूचना दी।
  • रात 10:30 बजे न्यू आगरा काॅलोनी में कूड़े के ढेर में आग लगी।
  • रात 2 बजे ट्रांस यमुना काॅलोनी के ए ब्लाॅक के प्लाॅट में कूड़े के ढेर में आग लगी।
  • रात 12 बजे : किरावली के गांव बाकंदा में बुद्धा सिंह की खेत में रखी करब में आग लग गई।
  • रात 1:00 बजे : साकेत कालोनी में एक मकान के बाहर कूड़े के ढेर में आग लग गई। दमकल ने आग पर काबू किया।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें