आगरा। मंटोला थाना क्षेत्र के कंगाल पाड़ा में सोमवार सुबह दोमंजिला जूता फैक्टरी में आग लग गई। रिहायशी क्षेत्र में लगी इस आग से लोग दहशत में आ गए। लोगों ने घरों में लगे गैस सिलिंडर को हटाकर सुरक्षित जगह पहुंचाया। फैक्टरी के भूतल में रह रहे परिवार को बड़ी मुश्किल से सुरक्षित निकाला जा सका। केमिकल और फोम की वजह से करीब तीन घंटे तक थोड़ी-थोड़ी देर में धमाके होते रहे। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में तीन घंटे से अधिक समय लगा। गनीमत रही कि छुट्टी का दिन होने के कारण कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
कंगालपाड़ा में पुलिस चौकी के सामने शहीद लतीफ की जेएंडएम इंटरप्राइजेज नाम से जूते बनाने की फैक्टरी है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोमंजिला फैक्टरी में करीब 150 कर्मचारी काम करते हैं। सोमवार सुबह नौ बजे के करीब फैक्टरी की ऊपरी मंजिल में आग लग गई। अंदर भूतल पर बने आवास में कर्मचारी तारिक, उनकी पत्नी और बेटी मौजूद थीं। उन्हें आग लगने का पता नहीं था। लोगों ने शोर मचाया तो पता चला, तब तक लपटें विकराल हो चुकी थीं और भूतल में धुआं भर गया था।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित निकाला। आवास से सिलिंडर और अन्य ज्वलनशील सामान हटाए गए। फैक्टरी में भारी मात्रा में फोम, थर्माकोल, गत्ते, चमड़ा व केमिकल रखे थे। केमिकल की कट्टियों में धमाके होने लगे। धमाकों के कारण फैक्टरी के पिछले हिस्से की छत गिर गई। आग की तपिश फैक्टरी के पीछे के मकानों तक पहुंचने लगी। लोगों ने अपने घरों में रखे गैस सिलिंडर को सुरक्षित जगह पहुंचाया और घर से बाहर निकल आए। आग इतनी विकराल थी कि धुएं से आसमान काला दिखने लगा था।
पानी भरने के नहीं थे इंतजाम
कई किलोमीटर की दूरी से लोगों को आग लगने का पता चल रहा था। धमाकों के कारण कोई अंदर घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। पानी भरने का इंतजाम नहीं होने से दमकलों को पानी के लिए बार-बार चक्कर लगाना पड़ा। मौके पर आठ दमकल की गाड़ियां और 40 के करीब फायरकर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास किए। तीन घंटे से ज्यादा समय आग बुझाने में लगा। इसके बाद भी धुआं निकल रहा था। सीएफओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि फायरकर्मियों ने दो घंटे तक फैक्टरी पर नजर रखी। लाखों का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फैक्टरी मालिक के पास फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं थी।
दोमंजिला जूता फैक्टरी में आग
दोमंजिला जूता फैक्टरी में आग