बरहन के नगला नत्था गांव में बुधवार तड़के एक मकान के बंद कमरे में अचानक आग लग गई, जिससे करीब 35 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के नगला नत्था गांव में बुधवार तड़के एक मकान में अचानक आग लगने से नकदी सहित लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
गांव नगला नत्था निवासी पप्पू यादव के एक कमरे में बुधवार तड़के करीब तीन बजे आग लग गई। बताया गया कि पप्पू यादव की मां सुबह शौच के लिए उठकर बाहर निकली थीं। इसी दौरान उन्होंने मकान के एक कमरे से धुआं निकलता देखा। उन्होंने तत्काल परिजन और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू करने के साथ ही पुलिस की 112 सेवा और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाया। हालांकि, तब तक कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग में सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 35 हजार रुपये की नकदी, कपड़े, अनाज और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। परिवार ने आग से लाखों रुपये के नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।