आगरा के लोहामंडी के खाती पाड़ा में शनिवार रात घर में लगे एसी में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग विकराल हो गई। लपटों के बीच परिवार के दो बच्चों सहित पांच लोग फंस गए थे। उनकी चीख पुकार सुन भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने 40 मिनट में आग पर काबू पाकर सभी को सुरक्षित निकाल लिया।
खाती पाड़ा के सलमान ने बताया कि मकान दिवंगत पिता मोहम्मद सोफियान के नाम पर है। घर में वह पत्नी खुशबू, दो बच्चों और मां यासमीन के साथ रहते हैं। रात 8 बजे के करीब घर में लगे एसी में आग लग गई। वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही लपटों ने विकराल रूप ले लिया। वह परिवार सहित अंदर फंस गए। जान बचाने के लिए शोर मचाने लगे। आसपास के लोग चीख-पुकार सुनकर आ गए।