आगरा मे थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के पीला खार में नटराज पुरम कॉलोनी निवासी शिव कुमार जैन की सूत का पट्टा बनाने की फैक्टरी में मंगलवार तड़के चार बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटों के बीच गार्ड रूम में महिला कर्मचारी पिंकी और उसकी बेटी ज्योति फंस गए। वहीं प्रथम तल पर कर्मचारी मुलायम भी सो रहा था। उसने प्रथम तल से कूद कर अपनी जान बचाई। आग लगता देखकर क्षेत्र के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस और दमकल पहुंच गईं।
गैस कटर से काटकर खोला गेट
फैक्टरी के मेन गेट को गैस कटर से काटकर खोला गया। इसके बाद टीम गार्ड रूम में पहुंची। वहां तख्त के नीचे पिंकी और उसकी बेटी ज्योति अचेत पड़े थे। दमकल कर्मी और पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर बाहर लाए। दोनों को ट्रांसयमुना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ज्योति के हाथ मामूली रूप से झुलस गए हैं। इस पर उसका उपचार किया गया। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर हैं। उधर, लपटों को एक घंटे में काबू कर लिया गया, जबकि चार घंटे में आग पूरी तरह से बुझाई जा सकी। अग्निकांड में लाखों के नुकसान की बात कही गई है। आग लगने का कारण अग्निशमन विभाग पता कर रहा है।
फैक्टरी के पीछे और सामने गैस गोदाम
फैक्टरी के पीछे की ही सरला गैस एजेंसी का गोदाम है। दोनों की दीवार आपस में मिली हुई हैं। पट्टा फैक्टरी में धमाकों से एक तरफ की दीवार ढह गई। यह दीवार गैस गोदाम में खड़े ट्रक पर जा गिरी। उनमें सिलिंडर रखे हुए थे। वहीं एक और गोदाम सीता गैस एजेंसी का 10 मीटर की दूरी पर ही था। पुलिस ने इन गोदामों से भरे हुए सिलेंडर को बाहर निकलवाया। गनीमत रही कि गैस गोदाम तक आग नहीं पहुंची। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।