आगरा। दीवानी न्यायालय के पीछे रघुवीर कुंज काॅलोनी में मंगलवार देर रात भूतल पर बने स्टोर में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। कमरों में धुआं भरने पर लोगों को जानकारी हुई। भागकर लोग नीचे पहुंचे, तब तक आग विकराल हो चुकी थी। स्टोर के करीब खड़ी कार के एक हिस्से तक लपटें पहुंच गईं। कार स्वामी भाइयों ने कार को तुरंत हटाया और कार में आग को फैलने से रोका। तभी अचानक स्टोर में रखे एक सिलिंडर में विस्फोट हो गया। हालांकि किसी को चोट नहीं लगी। फायर ब्रिगेड ने 3 घंटे में आग पर काबू पा लिया।
संजय प्लेस फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि रात 1:12 बजे अपार्टमेंट के रोहित गुप्ता ने आग लगने की जानकारी दी थी। दो मिनट में टीम पहुंच गई। बेसमेंट में धुआं भरने से टीम को दिक्कत हुई। आग बुझाने के प्रयास के दौरान ही स्टोर में रखा एक सिलिंडर फट गया। गनीमत था कि जिधर लोग खड़े थे, उधर उसके टुकड़े नहीं आए। टोरंट पावर से सामंजस्य बिठाकर अपार्टमेंट की विद्युत सप्लाई बंद करा दी गई।
मिली मानकों की अनदेखी
अपार्टमेंट में 12 फ्लैट हैं, 11 में परिवार रहते हैं। कई परिवारों को आग लगने की जानकारी नहीं थी, उन्हें टीम ने फ्लैटों से सुरक्षित बाहर निकलने के लिए कहा। स्टोर में ज्यादातर खराब और पुराना सामान भरा था। तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अपार्टमेंट में अग्निशमन के मानकों की अनदेखी पाई गई है। जांच के बाद नोटिस देकर मानकों का पालन कराया जाएगा।
अपार्टमेंट के सेकंड फ्लोर पर रहने वाले इलेक्ट्रिक सामानों के कारोबारी राकेश गुप्ता ने बताया कि वह इंदौर गए थे। रात एक बजे बेटे रोहित ने आग लगने की जानकारी दी। इसी फ्लोर के बृज बवानिया का परिवार बाहर गया था। उन्होंने चार खाली सिलिंडर स्टोर में रखवा दिए थे। एक सिलेंडर में थोड़ी गैस बची थी, उसी में विस्फोट हुआ। अपार्टमेंट के भूतल पर रात में कोई मौजूद नहीं था। शाॅर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
जान पर खेलकर हटाई कार
अपार्टमेंट की दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहने वाले होजरी कारोबारी पंकज और प्रशांत अग्रवाल सगे भाई हैं। प्रशांत ने बताया कि धुआं महसूस होने पर वह बाहर आए तो आग की जानकारी हुई। उन्होंने भाई पंकज और अन्य अपार्टमेंट निवासियों को सूचना दी। नीचे पहुंचने तक आग विकराल हो गई थी। पंकज की कार स्टोर की दीवार के बिल्कुल पास खड़ी थी। आग की लपटों से पीछे की बैक लाइट झुलस चुकी थी। आग के फ्यूल टैंक तक पहुंचने का खतरा था। अंदर उनकी कार के अलावा 11 कारें और कई दोपहिया वाहन खड़े थे। दोनों भाइयों ने जोखिम उठाते हुए कार को हटाया और पानी डालकर कार में लगी आग पर काबू पाया।
हादसे से दहशत में दिखे काॅलोनीवासी
कॉलोनी में अपार्टमेंट के अलावा 20 से अधिक मकान हैं। धमाके की आवाज सुन सभी दहशत में आ गए थे। लोग घरों से बाहर निकल आए थे। बुधवार को क्षेत्र में लोग हादसे की चर्चा करते दिखे। बुधवार को दोपहर बाद अपार्टमेंट की विद्युत आपूर्ति फिर शुरू हो पाई।