आगरा के प्रतापपुरा चौराहे पर मंगलवार शाम पेट्रोल पंप में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और लपटें पास खड़े पेट्रोल टैंकर तक पहुंच गईं। पंप कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए 15 अग्निशमन यंत्रों से करीब 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया और बड़ा हादसा टल गया।
आगरा के प्रतापपुरा चौराहा (सदर) स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पंप पर अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग पास ही खड़े पेट्रोल से भरे टैंकर तक पहुंच गई। उधर, आग की लपटों को देखकर ग्राहकों में अफरातफरी मच गई। हालांकि पंप कर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए अग्निशमन यंत्रों का इस्तेमाल किया और महज 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया।
विज्ञापन
प्रतापपुरा चौराहे पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पंप है। मंगलवार शाम तकरीबन 4:30 बजे टैंकर खाली होने के लिए आया था। कर्मचारी पाइप लगाने की तैयारी कर रहे थे। कुछ लोग पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंचे थे। तभी टैंकर के पास दीवार पर लगे बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग टैंकर के नीचे तक पहुंच गई। ग्राहक अपनी गाड़ियां लेकर भागने लगे, लेकिन पंप कर्मचारियों ने साहस दिखाया।
अग्निशमन यंत्र लेकर दौड़े और आग बुझाने लगे। कुछ ग्राहक भी उनके साथ जुट गए। इस दौरान पंप कर्मचारियों ने 15 फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग कर आग को पूरी तरह से बुझा दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइलों से वीडियो बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। एसीपी सदर अमीषा सिंह ने बताया कि पंप पर शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ था। पंप कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते आग पर काबू पा लिया। घटना की जानकारी पुलिस और दमकल को नहीं दी गई। फिर भी जांच के लिए पुलिसकर्मी पंप पर पहुंचे थे।