आगरा के बिजली घर स्थित तिब्बत बाजार के पास पंक्चर के खोखे में शनिवार रात को आग लग गई। बाजार में आग लगने की आशंका पर दुकानों से सामान बाहर निकाल लिया गया। तीन दमकलों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। अग्निकांड में खोखे का सामान जल गया। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका।
घटना रात तकरीबन 9:30 बजे हुई। बिजली घर स्थित तिब्बत बाजार के झाड़ियों में लगी आग पास ही पंक्चर के खोखा तक पहुंच गई। इससे खोखे में रखे टायर और कबाड़ का सामान जलने लगा। कुछ ही देर में लपटें उठने लगीं। इससे बाजार में भी आग लगने की आशंका से अफरातफरी मच गई।
खोखे के पास की दो दुकानों से सामान निकाला गया। सूचना पर दमकल और पुलिस पहुंच गई। तकरीबन एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। सीएफओ अक्षय रंजन शर्मा ने बताया कि खोखे में आग लगी थी। कुछ ही देर में आग पर काबू कर लिया गया। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है।