ओसीबी के फाल्ट से मलपुरा के 33 केवी सब स्टेशन को धूधू कर जला उठा। ओसीबी चालू करते वक्त धमाके के साथ आग लग गई। एसएसओ बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भीषण आग को काबू करने में फायर बिग्रेड को दो घंटे लग गए। हादसे के बाद 35 गांवों की बिजली गुल हो गई।
33 केवीए सब स्टेशन में रविवार सुबह नौ बजे एसएसओ धीर सिंह ने धनौली प्रथम की विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के लिए ओसीबी का हैंडल खींचा। तभी धमाके के साथ आग लग गई। वे कुछ समझ पाते उससे पहले वह आग की चपेट में आ गए। चीखपुकार सुन कैलासी, विशाल, नहनू, विनोद ने बाल्टियों से धीर सिंह पर पानी डाला। विद्युत विभाग के अधिकारी और फायरब्रिगेड को सूचना दी। एसएसओ को अस्पताल ले गए। घटनास्थल पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसडीओ अमित चौधरी ने बताया कि आग से सब स्टेशन की अधिकतर मशीन और केबिल जल गई हैं। लगभग 35 गांव धनौली, मलपुरा कस्बा, नौमील, सिरौली, नगला मस्जिद, नगला बदन सिंह, बल्हैरा, रेवती का नगला, अभयपुरा, नगला शंकरलाल, बमरौली अहीर, मदीना मस्जिद, नगला लेखराज, कंचनपुर, टपरा, नगला आनंदी, प्रभुकुंज, राम विहार, गामरी, नगला हट्टी, खाल-खलौआ, नगला प्रताप आदि की बिजली गुल हो गई है।
बाह में ब्रेक डाउन से 214 गांवों की बिजली गुल
बाह। फीरोजाबाद से बाह के लिए आई 132 केवीए की लाइन में रविवार को दिन भर ब्रेक डाउन रहा। इससे तहसील के 214 गांवों की बिजली सप्लाई ठप रही। सुबह से शाम तक की गई पेट्रोलिंग के बाद लाइन का फाल्ट मिल गया। उसकी मरम्मत की जा रही है। ब्रेक डाउन के चलते बाह, जरार, जैतपुर, पिनाहट, भदरौली, बटेष्वर, स्याहीपुरा, अरनौटा, बासौनी, कचौराघाट, चित्राहाट, शाहपुर आदि में पेयजल संकट गहराया और कारोबार भी प्रभावित हुआ। कई इलाकों में पेयजल संकट से जूझते लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। बाह के एसडीओ चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि फीरोजाबाद में फाल्ट के चलते 132 केवीए में ब्रेक डाउन रहा हैै। उन्होंने रविवार रात तक बिजली सप्लाई बहाल होने का भरोसा दिलाया।
पीलीपोखर में फाल्ट से 17 सब स्टेशन बंद
एत्मादपुर। 400 केवी पीलीपोखर से 132 केवी लाइन में ब्रेक डाउन से 17 सब स्टेशनों की आपूर्ति ठप हो गई। अधिशासी अभियंता मनोज शर्मा ने बताया कि ब्रेक डाउन की वजह से जनपद आगरा और फीरोजाबाद के 17 सब स्टेशनों की आपूर्ति ठप हो गई। इनमें एत्मादपुर, चावली, कुबेरपुर, रहनकलां, बरहन, आंवलखेड़ा, कुरगंवा, मोहमदाबाद, पचोखरा, धीरपुरा, लाइनपार, रिजावली, रसूलाबाद आदि शामिल हैं। बता दें कि इस ब्रेक डाउन से टूंडला रेलवे और आईओसी एत्मादपुर की बिजली गुल होने से काफी परेशानी हुई। इधर कस्बा के साथ-साथ सैकड़ों गांव के लोग बिजली-पानी की समस्या से जूझते रहे। बिजली सुबह से ही गुल हो गई थी। दिनभर लोग बिजली की जानकारी करते नजर आए। बिजली घर पर फोन घनघनाते रहे। बाद में फोन ही व्यस्त हो गए।