आगरा। थाना सिकंदरा के शास्त्रीपुरम स्थित नामी स्कूल में पंच मारकर 10वीं के छात्र का जबड़ा और दांत तोड़ने के मामले में 24 घंटे बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। इससे पिता ने रोष जताया है। उनका कहना है कि आरोपी छात्र के साथ स्कूल प्रबंधन और शिक्षक भी जिम्मेदार हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो सोशल मीडिया पर लाइव आकर स्कूल के गेट के बाहर प्रदर्शन करूंगा। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की रिपोर्ट किशोर न्याय बोर्ड को भेजी जाएगी।
शनिवार को शास्त्रीपुरम के एक नामी स्कूल के परिसर की पहली मंजिल पर दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था। एक छात्र ने दूसरे पर नुकीले पंच से हमला किया, इससे छात्र का जबड़ा और चार दांत टूट गए थे। घायल छात्र के पिता शाह मार्केट में मोबाइल शोरूम संचालित करते हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हैं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
इसके बाद मामला चर्चा में आ गया। रविवार को पीड़ित के पिता ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन अमीर है। आरोपी छात्र का परिवार भी संपन्न है। इस कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। बेटे को ड्राॅपर से दूध पिलाना पड़ रहा है। उसकी हालत देखकर वह तनाव में हैं।
स्कूल प्रबंधन ने जारी किया पत्र
रविवार को स्कूल प्रबंधन की ओर से जारी पत्र काफी चर्चा में रहा। पत्र में प्रबंधन ने दो छात्रों के बीच विवाद होने की जानकारी दी है। सीसीटीवी की जांच में घायल छात्र के दूसरे छात्र पर टिप्पणी के बाद मारपीट हाेने के बारे में बताया है। एक छात्र के मुंह और दूसरे के हाथ में चोट आने का हवाला देते हुए स्कूल के डाॅक्टर से तत्काल इलाज करवाने की बात कही गई है। पुलिस की जांच में पूरा सहयोग करने की बात भी पत्र में लिखी गई है। सोशल मीडिया पर पत्र की काॅपी वायरल हुई है। लाेग टिप्पणियां भी कर रहे हैं।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। झगड़ा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो है। फुटेज में दोनों के बीच विवाद की पुष्टि हुई है। दोनों नाबालिग हैं। गाइडलाइन के मुताबिक, पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसके बाद किशोर न्याय बोर्ड को दी जाएगी। बोर्ड के दिशानिर्देश के क्रम में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिता के आरोपों की भी जांच की जा रही है।