पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज की बाउंड्रीवाल को जेसीबी से तोड़ने, चौकीदार के साथ मारपीट, कार्यालय में तोड़फोड़ व फायरिंग करने के आरोप में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई। कॉलेज प्रबंधक ने थाने में तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, धीरेंद्र सिंह निवासी शाहगंज आगरा ने बताया कि वह केवल सिंह मेहपुरिया इंटर कॉलेज, सुताहरी बाह का प्रबंधक है। 28 दिसंबर की रात करीब 10:15 बजे उसकी अनुपस्थिति में शैलेंद्र, जितेंद्र, राजवीर, उदयवीर, गजेंद्र सहित अन्य लोग जेसीबी मशीन लेकर कॉलेज पहुंचे और बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया था। बताया गया कि उक्त बाउंड्रीवाल पिछले वर्ष न्यायालय के आदेश पर पुलिस व राजस्व टीम ने बनवाई थी। जेसीबी की आवाज सुनकर पहुंचे चौकीदार सुरेंद्र ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं। आरोप है कि आरोपियों ने कॉलेज कार्यालय का ताला तोड़कर रिकॉर्ड फाड़ दिया और अलमारी में रखी करीब सात हजार रुपये की फीस भी निकाल ली। जाते समय चौकीदार पर जान से मारने की नीयत से फायर किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। प्रबंधक ने बाउंड्रीवाल टूटने से करीब दस लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।