थाने में भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित और तीन पदाधिकारियों पर हमले के मामले में दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उधर, आरोपी पक्ष की तरफ से भी थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
शैलू पंडित बृहस्पतिवार की रात तकरीबन दस बजे कार से शाहगंज स्थित सत्तो लाला हलवाई वाली गली में चाट खाने पहुंचे थे। उनके साथ पदाधिकारी गोगा मौर्य, जीतू प्रजापति और नितिन भी थे। वह दुकान पर चाट खाने के बाद खड़े हुए थे।
यह आरोप लगाए
आरोप लगाया गया है कि तभी कोल्हिाई निवासी शाहिद बेग और आसिफ बेग आ गए। उन्होंने गालीगलौज की। इसके बाद हमला बोल दिया। वो जान बचाकर वहां से भाग गए। इस पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी थाना शाहगंज पहुंच गए थे। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की थी। आधी रात तक हंगामा किया था।