आगरा के सिकंदरा थाने में कोर्ट के आदेश पर तीन बिल्डरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इन पर जमीन हड़पने की कोशिश, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
निखिल होम्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक निखिल गर्ग ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। वह महारानी एस्टेट, सिकंदरा निवासी है। उन्होंने बताया कि मंगलम एस्टेट, दयालबाग निवासी विजयपाल सिंह राना ने वर्ष 2023 में थाना सिकंदरा में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान उसने एक एग्रीमेंट प्रस्तुत कर दावा किया कि यह एग्रीमेंट निखिल होम्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से जारी किया गया है।
एग्रीमेंट के अनुसार, भूमि न तो बेची जाएगी और न कोई निर्माण होगा। निखिल गर्ग का आरोप है कि यह एग्रीमेंट फर्जी है। उनके नकली हस्ताक्षर, नकली पत्र और मुहर का प्रयोग कर पत्र तैयार किया है। फर्जी एग्रीमेंट तैयार करने में शाहगंज के रवि बंसल और शास्त्रीपुरम के रिंकेश अग्रवाल ने विजयपाल का साथ दिया है। पूर्व में समझौता समाप्त होने पर लाखों रुपये आरोपियों के बताए खातों में भेजे थे।
निखिल गर्ग का आरोप है कि 24 अगस्त 2025 को फर्जी दस्तावेजों के बारे में पूछने पर आरोपियों ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने 26 अगस्त को पुलिस आयुक्त को शिकायत भेजी। कोई कार्रवाई न होने पर न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। आरोपियों को बुलाया जाएगा। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।