आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र की युवती को ब्यूटी पार्लर छोड़ने के दौरान ऑटो चालक ने चोरी से फोटो और आईडी ले ली। उनसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आईडी बनाकर गलत पोस्ट करने लगा। ब्लैकमेल कर शादी का दबाव बनाया। मना करने पर 3 लाख रुपयों की मांग की। पीड़िता परेशान होकर अवसाद में आ गई। मन में आत्महत्या करने के विचार आने लगे। पीड़िता की शिकायत पर रकाबगंज थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
छीपीटोला क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी। बताया था कि वह कमला नगर स्थित ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण लेने के लिए रोजाना ऑटो से आती-जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान टेम्पो चालक विकास निवासी मलिया खेड़ा, थाना बाह, वर्तमान पता संगम विहार, दक्षिण दिल्ली,से हुई। आरोपी ने बातचीत के दौरान पीड़िता के घर और परिवार की जानकारी हासिल कर ली। मौका पाकर एक दिन उसने धोखे से पीड़िता का बैग ले लिया और उसमें रखे आधार कार्ड, अन्य आईडी व फोटो अपने मोबाइल में सेव कर लिए।
इसके बाद आरोपी ने युवती से नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की। विरोध करने पर वह धमकाने लगा कि अगर उससे शादी नहीं की तो फोटो से छेड़छाड़ कर बदनाम कर देगा। इससे डरकर पीड़िता ने ब्यूटी पार्लर जाना बंद कर दिया। आरोप है कि विकास लगातार फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। वह खुद को विजिलेंस से जुड़ा बताकर डराता है। दोस्तों को पुलिस अधिकारी बनाकर बात करवाता है। पीछा छोड़ने के लिए तीन लाख रुपये की मांग कर रहा है। डीसीपी सिटी स्ययद अली अब्बास ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।