आगरा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्राइवेट परीक्षार्थी के रूप में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विद्यार्थी 23 अक्तूबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 24 से 30 अक्तूबर तक 2000 रुपये विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरे जा सकेंगे।
आवेदन केवल सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकेगा। सीबीएसई के डिप्टी कोऑर्डिनेटर रामानंद चौहान ने बताया कि वर्ष 2021 से 2026 के बीच परीक्षा में अनुत्तीर्ण हुए विद्यार्थी और एसेंशियल रिपीट श्रेणी में रखे गए छात्र आवेदन कर सकते हैं। वर्ष 2026 की मुख्य या कंपार्टमेंट परीक्षा में कंपार्टमेंट पाने वाले विद्यार्थियों को भी आवेदन का मौका मिलेगा। इसके अलावा सीबीएसई की ओर से वर्ष 2027 की परीक्षा में शामिल होने वाले नियमित विद्यार्थी लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (एलओसी) 21 अक्तूबर तक भर दें। एलओसी भरने से पहले अच्छे से मिलान कर लें गलत जानकारी न भरें क्योंकि एक बार एलओसी फॉर्म में जो भर गया उसे ठीक कराने में बहुत परेशानी होती है। विलंब शुल्क के साथ विद्यार्थियों को एलओसी फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 30 अक्तूबर है।